ये वीडियो बिहार की राजधानी पटना की हैं, जहां बीपीएससी टीआरई 4 अभ्यर्थियों ने समय पर भर्ती की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। अभ्यर्थियों ने सरकार से अपनी मांग को पूरा करने के लिए जोरदार प्रदर्शन किया। चुनाव से पहले अभ्यर्थी हर तरह की मांगों को नीतीश सरकार से मनवाने की पूरी कोशिश में लगे हैं। शुक्रवार को फिर से शिक्षक अभ्यर्थी प्रदर्शन करने सड़क पर उतरे। भारी बारिश के बीच छात्रों का प्रदर्शन जारी रहा। पटना कॉलेज के पास से सैकड़ों अभ्यर्थी मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए निकले।
एक अभ्यर्थी ने कहा कि दिलीप कुमार से आश्वासन मिला है कि पांच दिन के अंदर उम्मीद है कि इससे ज्यादा वैकेंसी मिलेगी। अभ्यर्थी ने बताया कि एक लाख 20 हजार से ज्यादा वैकेंसी मिलेगी। वहीं, प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि जो घोषणा सरकार ने खुद किया उसको लागू करे। एक लाख 20 हजार पर टीआरई 4 पर विज्ञानपन जारी करे। अगर सरकार ऐसा करती है तो हम लोग सरकार के साथ खड़े रहेंगे।
बता दें कि हाल में ही शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने कहा था कि बिहार लोक सेवा आयोग 16 से 19 दिसंबर 2025 के बीच चौथे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा लेगी। इसमें 26 हजार से अधिक पद शामिल होंगे। परीक्षा का परिणाम 20 से 26 जनवरी 2026 के बीच घोषित कर दिए जाएंगे। इसके बाद शिक्षक अभ्यर्थी आक्रोशित हो गए। उनका कहना है कि टीआरई 3 में भी काफी पद रिक्त बचे थे। इतना ही नहीं सरकार पूर्व में एक लाख से अधिक पदों पर बहाली की बात कह चुकी है, ऐसे में इतने कम पदों पर बहाली के कारण कई अभ्यर्थी नौकरी से वंचित रह जाएंगे। इसलिए सरकार दुबारा इस पर विचार करे।