बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग संपन्न हो गई है। सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक 64.46 फीसदी वोटिंग हुई है। बेगूसराय में सबसे ज्यादा 67.32% और शेखपुरा में सबसे कम 52.36% वोटिंग हुई। लेकिन अगर पहले चरण के मंत्रियों की सीटों पर बात की जाए तो सबसे ज्यादा कल्याणपुर में 71. 62% और सबसे कम बांकीपुर 40.00% में मतदान हुआ।
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 16 मंत्रियों की सीटों पर भी मतदान हुआ है। इसमें 15 सीटें ऐसी है, जहां पिछले बार के मुकाबले ज्यादा मतदान हुआ है। एक मात्र सीट कुढ़नी ऐसी रही है जहां 2020 के चुनाव से कम वोट पड़े। इन 15 सीटों पर ज्यादा मतदान को दोनों पक्ष अपने-अपने फायदे में बता रहे हैं। सत्ता पक्ष की ओर से कहा जा रहा है कि जनता सरकार के कामों से खुश हैं इसलिए ज्यादा से ज्यादा लोगों ने मतदान किया है।
डिप्टी सीएम और तारापुर से भाजपा प्रत्याशी सम्राट चौधरी ने कहा कि मैं बिहार प्रशासन, बिहार की जनता और चुनाव आयोग का धन्यवाद करना चाहता हूं कि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। बिहार में आम मतदाताओं ने जिस तरह से बढ़-चढ़कर मतदान किया है, उससे साफ दिखता है कि इस बार पिछले चुनाव की तुलना में वोटिंग प्रतिशत में 4 से 5 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। हमारे प्रतिनिधियों से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार पहले चरण के बाद एनडीए 121 में से करीब 100 सीटों पर जीत रही है, और यह परिणाम 2010 के रिकॉर्ड को तोड़ने वाला होगा।