राहुल गांधी के नेतृत्व में निकाली जा रही कांग्रेस की 'भारत जोड़ो यात्रा' इस वक्त महाराष्ट्र से होकर गुजर रही है, जहां पार्टी को जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है। इस दौरान महाराष्ट्र के सभी कांग्रेस नेता इसमें राहुल गांधी के साथ शामिल हो रहे हैं। शरद पवार की बेटी और राकांपा की लोकसभा सदस्य सुप्रिया सुले, आदित्य ठाकरे समेत एनसीपी के कई नेता भी इस यात्रा में शामिल हुए। राजनीतिक दलों के नेताओं के अलावा इस यात्रा में अभिनेता और अभिनेत्री भी शामिल हो रही हैं। इस बीच, इस यात्रा की एक तस्वीर सामने आई है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा हैं। वायरल हो रहीं तस्वीर में एक युवक अपने हाथ में महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख की फोटो को हाथ में लिए नजर आ रहे हैं, जिसे उनके बेटे और अभिनेता रितेश देशमुख ने भी शेयर किया है।