फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sheopur News: पत्नी के घर छोड़ने से परेशान युवक पानी की टंकी पर चढ़ा, 5 घंटे चला हाई-वोल्टेज ड्रामा

Sat, 18 Jul 2026 07:49 PM IST
श्योपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, श्योपुर

मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के विजयपुर नगर में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक बस स्टैंड क्षेत्र में बनी करीब 100 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गया। युवक को टंकी पर चढ़ा देख आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया।

युवक की पहचान धीरज खटीक के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, वह अपनी पत्नी के घर छोड़कर चले जाने से मानसिक रूप से परेशान था। इसी वजह से उसने विरोध जताने के लिए यह कदम उठाया। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टंकी पर चढ़ने के बाद धीरज लगातार मीडिया से बात कराने की मांग करता रहा। पुलिस और स्थानीय लोगों ने उसे शांत करने का प्रयास किया और भरोसा दिलाया कि उसकी बात सुनी जाएगी। काफी समझाइश के बाद वह सुरक्षित नीचे उतर आया।

पढ़ें: 27 बार फोन कर बुलाया, जंगल में पहुंची छात्रा और फिर पत्थर से मारा डाला; चौंकाने वाला खुलासा

नीचे आने के बाद धीरज ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी करीब 15 दिन पहले उसे छोड़कर चली गई थी। उसने इस संबंध में पुलिस से शिकायत भी की थी, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई। इसी से परेशान होकर उसने टंकी पर चढ़कर विरोध जताने का फैसला किया। युवक का कहना था कि जब उसकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई, तब उसने सबका ध्यान अपनी ओर आकर्षित करने के लिए यह कदम उठाया।

घटना के दौरान बस स्टैंड क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए, जिससे कुछ समय के लिए यातायात और सामान्य गतिविधियां भी प्रभावित रहीं। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रखी और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया। पुलिस ने युवक को सुरक्षित अपने संरक्षण में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि युवक द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस पूरी घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और समय रहते युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें