फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sehore: धमाकों से कांपा आष्टा बाईपास! शोरूम में भीषण आग के बाद सिलेंडर ब्लास्ट, आसमान में छाया काला धुआं

Sun, 17 May 2026 12:49 PM IST
सीहोर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीहोर

आष्टा के भोपाल-इंदौर बाईपास स्थित चौपाटी क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक डेंटिंग-पेंटिंग की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरा इलाका काले धुएं से भर गया। आग के दौरान हुए सिलेंडर विस्फोट ने हालात और भयावह बना दिए। धमाकों की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। इलाके में अफरा-तफरी और भगदड़ जैसे हालात बन गए।

देखते ही देखते आग ने पूरे शोरूम को लिया चपेट में

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रविवार सुबह करीब 8:30 बजे दुकान से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही पलों में आग ने पूरे शोरूम और वर्कशॉप को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा सामान धू-धू कर जलने लगा। कई फीट ऊंची उठती लपटों को देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत नगर पालिका और पुलिस प्रशासन को सूचना दी। घटना स्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।

सिलेंडर ब्लास्ट से कांप उठा पूरा इलाका

आगजनी के दौरान दुकान के भीतर रखे सिलेंडर में अचानक विस्फोट हो गया। धमाके की आवाज कई सौ मीटर दूर तक सुनाई दी। इसके बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि धमाका इतना तेज था कि आसपास के मकानों की खिड़कियां तक हिल गईं। लोगों को डर था कि अगर आग पास के रिहायशी इलाके तक पहुंच गई तो बड़ा हादसा हो सकता था।

बिना पानी पहुंची पहली दमकल, लोगों में नाराजगी

घटना की सूचना मिलते ही आष्टा नगर पालिका की दमकल मौके पर पहुंची, लेकिन लोगों का गुस्सा तब बढ़ गया जब पता चला कि दमकल वाहन में पर्याप्त पानी ही नहीं था। स्थानीय नागरिकों ने इस लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कहा कि आपदा के समय अगर दमकल खाली पहुंचेगी तो लोगों की सुरक्षा कैसे होगी। हालात बिगड़ते देख तुरंत कोठरी से दूसरी दमकल बुलाई गई। दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग पर नियंत्रण होने से बड़ा हादसा टल गया।


ये भी पढ़ें- भोजशाला पर एएसआई का बड़ा फैसला: नया आदेश जारी, अब बिना किसी रोक-टोक के होगी 365 दिन पूजा; मस्जिद का नाम हटा

लाखों का सामान जलकर खाक

जानकारी के अनुसार यह दुकान स्थानीय व्यापारी रऊफ भाई की बताई जा रही है। आग लगने से दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। दुकान में मौजूद मशीनें, पेंटिंग सामग्री, वाहन मरम्मत उपकरण और अन्य सामान पूरी तरह जल गए। हालांकि प्रशासन की ओर से अभी नुकसान का आधिकारिक आंकलन नहीं किया गया है।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच शुरू

फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट या ज्वलनशील पदार्थों में चिंगारी लगने की जताई जा रही है। पुलिस और प्रशासनिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि आग हादसा थी या किसी लापरवाही का नतीजा।  

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें