फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Narmadapuram News: टाइगर ने वन चौकीदार पर किया हमला, कंधे पर आई गंभीर चोट, अस्पताल में चल रहा इलाज

Fri, 30 May 2025 11:34 AM IST
नर्मदापुरम ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नर्मदापुरम

सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के मढ़ई कोर क्षेत्र स्थित लगदा कैंप में तैनात फॉरेस्ट के चौकीदार को मोबाइल पर बात करना भारी पड़ गया। अचानक उस पर टाइगर ने हमला कर दिया। 

दरअसल, चौकीदार बृजेंद्र तेकाम बीती रात मोबाइल नेटवर्क न मिलने के कारण कैंप से बाहर आकर फोन पर बात कर रहा था। इसी दौरान एक टाइगर ने उस पर अचानक हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बृजेंद्र के कंधे पर गंभीर चोट आई। घटना के समय मौजूद दूसरे चौकीदार रामदास ने उसकी चीख-पुकार सुनकर उसे टाइगर से बचाया और तुरंत कैंप के भीतर लाया। रामदास ने बताया कि बृजेंद्र कैंप से करीब 10 मीटर की दूरी पर जाकर मोबाइल पर बात कर रहा था, तभी टाइगर ने पीछे से उस पर झपट्टा मार दिया।

ये भी पढ़ें: मध्य प्रदेश में नौतपा के छठवें दिन भी जारी रहेगा आंधी-बारिश दौर, आज प्रदेश के 36 जिलों में अलर्ट

घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया गया। इस दौरान टाइगर लगभग आधे घंटे तक कैंप के आसपास ही घूमता रहा, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। घायल चौकीदार को तत्काल सरकारी वाहन से मढ़ई लाया गया और प्राथमिक उपचार के लिए सोहागपुर अस्पताल भेजा गया। वहां से प्राथमिक इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल नर्मदापुरम रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

ये भी पढ़ें:  इंदौर में मेट्रो ट्रेन कल से चलेगी -एक बार में 900 से ज्यादा यात्री कर सकेंगे सफर

मढ़ई क्षेत्र के रेंजर प्रेमनारायण ठाकुर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह घटना रात करीब 8 बजे की है। चौकीदार मोबाइल नेटवर्क न मिलने के कारण कैंप से बाहर गया था, उसी दौरान टाइगर ने हमला कर दिया। दूसरे चौकीदार की सतर्कता और साहस से घायल बृजेंद्र की जान बचाई जा सकी। वन विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम करने की बात कही है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं रोकी जा सकें।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें