फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maihar News: मैहर में स्कूल से लौटते समय मौत से सामना, उफनते पानी में बहा पहली कक्षा का छात्र

Fri, 24 Jul 2026 11:09 PM IST
मैहर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मैहर

मैहर जिले के भदनपुर माध्यमिक शाला से छुट्टी के बाद हुई एक घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। लगातार हो रही बारिश के कारण स्कूल के पास सड़क पर तेज बहाव के साथ पानी भर गया था। इसी जलभराव को पार करते समय पहली कक्षा में पढ़ने वाला एक मासूम छात्र तेज बहाव में बह गया। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए साहस का परिचय दिया और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

स्कूल की छुट्टी के बाद हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार भदनपुर माध्यमिक शाला में पढ़ाई खत्म होने के बाद छात्र-छात्राएं अपने-अपने घर लौट रहे थे। पहली कक्षा में पढ़ने वाला मासूम भी अपनी बहन और अन्य बच्चों के साथ घर जा रहा था। स्कूल के समीप सड़क पर बारिश का पानी तेज बहाव के साथ बह रहा था। बच्चे जैसे ही सड़क पार करने लगे, तभी मासूम का संतुलन बिगड़ गया और वह तेज पानी के साथ बहता हुआ पुलिया के नीचे बने ढोले में चला गया।

ये भी पढ़ें- दोहरे हत्याकांड में सजा-ए-मौत, पत्नी और सौतेली बेटी को बके से ताबड़तोड़ हमला कर उतारा था मौत के घाट

ग्रामीणों की तत्परता से टला बड़ा हादसा
बच्चे को पानी में बहते देख आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत उसकी ओर दौड़े। अपनी जान की परवाह किए बिना उन्होंने तेज बहाव के बीच उतरकर बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। यदि कुछ पल भी देर हो जाती तो यह घटना बड़े हादसे में बदल सकती थी। ग्रामीणों की सतर्कता और साहस के कारण मासूम की जान बच गई।

वीडियो वायरल, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह सड़क पर तेज बहाव है और उसी बहाव में बच्चा बह जाता है। इसके बाद ग्रामीण तत्काल उसे बचाने के लिए दौड़ते हैं और सुरक्षित बाहर निकाल लेते हैं। वीडियो सामने आने के बाद स्कूलों के आसपास बारिश के मौसम में सुरक्षा इंतजामों और जलभराव वाले मार्गों को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

बीआरसी बोले— जानकारी लेकर होगी कार्रवाई
मामले में जब विकासखंड स्रोत समन्वयक (बीआरसी) आनंद शुक्ला से बात की गई तो उन्होंने बताया कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा संबंधित अधिकारियों से भी जानकारी ली जाएगी।

स्थानीय लोगों ने की सुरक्षा इंतजामों की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बारिश के मौसम में स्कूलों के आसपास जलभराव वाले स्थानों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जाए। जोखिम वाले मार्गों पर बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेत और निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में किसी मासूम की जान खतरे में न पड़े। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते उचित इंतजाम नहीं किए गए तो बरसात के मौसम में इस तरह की घटनाएं कभी भी बड़ा रूप ले सकती हैं। पानी में बहा बच्चा

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें