शहर के आनंद नगर क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। एक युवक के गले में करीब 12 इंच लंबा लोहे का सरिया घुस गया, लेकिन गंभीर हालत के बावजूद वह 150 किलोमीटर दूर इंदौर तक पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसकी जान बचाई।
घायल युवक की पहचान सद्दाम शेख के रूप में हुई है। वह निर्माण कार्य के लिए बाइक से सरिया लेकर जा रहा था। आनंद नगर में बस को साइड देने के दौरान उसकी बाइक स्पीड ब्रेकर पर उछली और संतुलन बिगड़ते ही हाथ में पकड़ा सरिया सीधे उसके गले में घुस गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत मदद करते हुए सरिए को काटा और उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। सुबह करीब 9 बजे अस्पताल पहुंचे युवक की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे इंदौर रेफर कर दिया। इंदौर के एमवाय अस्पताल में शाम करीब 4 बजे ऑपरेशन शुरू हुआ। लगभग 3 घंटे चली सर्जरी के बाद डॉक्टरों की टीम ने सावधानीपूर्वक सरिया बाहर निकाला। फिलहाल युवक को आईसीयू में रखा गया है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
ये भी पढ़ें-55 साल के अधेड़ ने 13 वर्षीय बच्ची को छेड़ा तो नीमच में हुआ बवाल, पुलिस पर पथराव; दागे आंसू गैस के गोले
घटना के बाद जिला अस्पताल में एंबुलेंस व्यवस्था को लेकर भी विवाद सामने आया। प्रत्यक्षदर्शी आजम खान ने आरोप लगाया कि समय पर 108 एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी और चालकों ने डीजल नहीं होने की बात कही। वहीं मौके पर मौजूद पार्षद रियाज शेख ने वाहनों में पर्याप्त डीजल होने का दावा किया। विरोध के बाद दूसरी एंबुलेंस की व्यवस्था कर युवक को इंदौर भेजा गया। जिला अस्पताल खरगोन के डॉ. अमित सिंह चौहान ने बताया कि युवक के गर्दन के दाईं ओर सरिया फंसा हुआ था, जो बेहद गंभीर स्थिति थी। प्राथमिक उपचार के बाद उसे तुरंत इंदौर रेफर किया गया, जहां सफल ऑपरेशन के बाद सरिया निकाला गया।