25 मई से नौतपा की शुरुआत हो चुकी है और पहले ही दिन दतिया का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। चिलचिलाती धूप और आग उगलती गर्म हवाओं के बीच शहरवासियों को राहत देने के लिए सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल व्यवस्था नदारद दिखाई दे रही है। स्थिति यह है कि नगर पालिका परिषद द्वारा नाम मात्र के लिए खोले गए प्याऊ केंद्र खुद अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहे हैं। कहीं पानी नहीं, कहीं मटके गायब और कहीं प्याऊ केंद्र चार पहिया वाहनों की पार्किंग में तब्दील हो चुके हैं। जानकारी के अनुसार एसपी कार्यालय के बाहर एंट्री गेट तथा पुरानी कलेक्ट्रेट परिसर में नगर पालिका द्वारा बनाए गए प्याऊ केंद्रों की हालत बेहद खराब है। यहां न तो राहगीरों को पीने का पानी मिल रहा है और न ही कोई जिम्मेदार कर्मचारी दिखाई देता है। लोगों ने इन स्थानों को पार्किंग स्थल की तरह इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है। गौरतलब है कि जिलेभर से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण और शहरवासी अपने शासकीय कार्यों के लिए पुरानी कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचते हैं। भीषण गर्मी में लोग पानी के लिए भटकते नजर आते हैं, लेकिन नगर पालिका की व्यवस्थाएं केवल कागजों तक सीमित दिखाई दे रही हैं।