दमोह जिले के तेंदूखेड़ा ब्लॉक में आने वाले प्रसिद्ध दोनी हनुमान मंदिर में अज्ञात चोरों द्वारा लाखों रुपए की चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है। मंगलवार सुबह पुजारी मंदिर पहुंचे तब उन्हें घटना की जानकारी लगी। तत्काल पुलिस को सूचित किया मौके से भगवान का मुकुट, छत्र और नगदी गायब मिला है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है जिसमें चोर चोरी करता दिखाई दे रहा है।
बता दें ग्राम दोनी का हनुमान मंदिर काफी प्रसिद्ध है। यहां हनुमान जी का एक पैर जमीन के नीचे है जिसका छोर नहीं मिला और दूसरा ऊपर है। यहां दमोह जिले के अलावा अन्य जिलों से भी श्रद्धालु आते हैं। चोरी की जानकारी मिलते ही तेंदूखेड़ा एसडीओपी डीएस ठाकुर और टीआई आरआर बागरी पुलिस बल के साथ ग्राम दोनी पहुंचे और मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। ग्रामीण राज यादव ने बताया दोनी मंदिर से एक लाख की कीमत का मुकुट और छत्र चोरी गया है। दान पेटी भी गायब है जिसमें करीब पचास से साठ हजार रुपये थे।
ये भी पढ़ें- जमीन विवाद में बेरहमी से युवक की हत्या, कुल्हाड़ी से किया वार, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
कैमरे में कैद हुआ चोर
श्रीराज यादव ने बताया प्रतिदिन की तरह वह मंगलवार को सबसे पहले पहुंचे थे तो मंदिर का ताला टूटा था। अंदर की सामग्री अव्यवस्थित फैली हुई थी। पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। एक व्यक्ति मंदिर की चोरी करता दिखाई दे रहा है। पुलिस ने चोरी पकड़ने के लिए जिले से फिंगरप्रिंट टीम और डॉगस्क्वॉड टीम को बुलाया, लेकिन ज्यादा सफलता हाथ नहीं लगी है। तेंदूखेड़ा टीआई आरआर बागरी का कहना है मंदिर में चोरी हुई है कैमरे में एक व्यक्ति चोरी करता दिख रहा है खोजबीन जारी है।