दमोह जिले के देहात थाना क्षेत्र की बरपटी पहाड़ी के पास जुआ खेलते पकड़े गए जुआरियों से रुपये लेन-देन का वीडियो सोमवार को वायरल हुआ था। उसके बाद एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने इस वीडियो को भ्रामक और अधूरा बताया है।
उन्होंने एसपी कार्यालय में पदस्थ एसआई सतीश राठौर को इस मामले में क्लीन चिट दी है। इससे पहले वायरल वीडियो में लोग पुलिसकर्मियों को रुपये का ऑफर करते सुनाई और दिखाई दे रहे थे। यह वीडियो सोमवार का बताया जा रहा है। इससे पहले एसपी ने टीम गठित की थी, जिसे केवल जुआ पकड़ने के लिए रखा गया था।
एसपी सोमवंशी ने बताया कि सूचना मिलने पर टीम कार्रवाई करने गई थी। वहां पर कुछ नाबालिग जुआ खेलते मिले थे। यहां पर पुलिस ने एक मोबाइल और 4,800 रुपये जब्त किए थे। इस बीच कुछ लोग पुलिसकर्मियों के पास पहुंचे और उनसे कार्रवाई नहीं करने की बात कही थी।
एसपी ने बताया कि मामले की जांच कराई है। वहां से जब्त राशि थाने में जमा की गई थी। इसमें एसआई की कोई गड़बड़ी सामने नहीं आई है। बता दें, एसपी द्वारा जिले भर में जुआ फड़ पर कार्रवाई करने के लिए स्पेशल टीम बनाई है, जिसमें अभी तक 273 लोग जुआ खेलते पकड़े गए हैं। एसपी सोमवंशी ने बताया, वायरल वीडियो भ्रामक है। उसमें कोई सच्चाई नहीं है और उसे अधूरा वायरल किया गया है।