फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Damoh News: गाय को बचाने के चक्कर में नदी में गिरी मूंगफली से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली, दबने से चालक गंभीर घायल

Mon, 03 Mar 2025 04:36 PM IST
दमोह ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दमोह

दमोह-छतरपुर हाईवे पर बटियागढ़ की जुड़ी नदी में सोमवार दोपहर एक मूंगफली से भरी ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर में दबे चालक को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। हादसा गाय को बचाने के प्रयास में हुआ।

क्षमता से अधिक लोड था मूंगफली
बटियागढ़ ब्लॉक के घनश्यामपुरा गांव निवासी राकेश जैन के ट्रैक्टर में मूंगफली के बोरे लादे गए थे। चालक फीरोज पिता गुड्डा खान (28 वर्ष, निवासी घनश्यामपुरा) ट्रैक्टर लेकर बटियागढ़ से घनश्यामपुरा जा रहा था। ट्राली में क्षमता से अधिक वजन था।

जैसे ही ट्रैक्टर-ट्राली जुड़ी नदी के पुल पर पहुंची, अचानक एक गाय दौड़कर सामने आ गई। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने ब्रेक लगाया, जिससे ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर नदी में गिर गया, जबकि ट्राली पुल पर ही खड़ी रह गई। अगर ट्राली भी नदी में गिरती, तो हादसा और गंभीर हो सकता था।

चालक घायल, प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर
हादसे में ट्रैक्टर चालक फीरोज गंभीर रूप से घायल हो गया, क्योंकि जहां ट्रैक्टर गिरा, वहां पानी नहीं था, केवल पत्थर थे। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे बाहर निकाला और इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बटियागढ़ ले गए, जहां से डॉक्टरों ने गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

बिना रेलिंग का पुल, हादसों का कारण
जुड़ी नदी पर बना पुल काफी नीचे है और बिना रेलिंग का है, जिससे अक्सर हादसे होते रहते हैं। इस बार भी सिंगल ब्रेक लगने के कारण ट्रैक्टर असंतुलित होकर नदी में गिर गया। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से पुल पर रेलिंग लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके। ट्रॉली से मूंगफली के बोरे निकालकर ग्रामीणों ने रास्ता साफ किया और पुलिस को सूचना दी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें