फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Damoh News: भगवती मानव कल्याण संगठन ने पकड़ी 700 पेटी शराब, समय से नहीं आई पुलिस तो किया प्रदर्शन

Sat, 05 Apr 2025 04:54 PM IST
दमोह ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दमोह

दमोह जिले के पटेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंडलपुर मार्ग पर शनिवार की सुबह भगवती मानव कल्याण संगठन के लोगों ने एक ट्रक में भरी 700 पेटी शराब पकड़ी। जिसकी कीमत करीब 80 लाख रुपये बताई जा रही है। तत्काल पटेरा पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन पुलिस समय से मौके पर नहीं पहुंची। इसलिए संगठन से जुड़े लोगों ने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। आरोप है कि सूचना के बाद भी पुलिस शराब जब्त करने नहीं पहुंची। थाना प्रभारी मौके पर पहुंची, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई न करने के कारण संगठन के लोग प्रदर्शन करते रहे।

दोपहर करीब 12:00 बजे एडिशनल एसपी संदीप मिश्रा, जिला आबकारी अधिकारी रविंद्र खरे मौके पर पहुंचे। उसके बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। संगठन से जुड़े लोगों का आरोप है कि जिले में बड़े पैमाने पर अवैध शराब का कारोबार हो रहा है। हम लोग पुलिस को सूचना देते हैं, लेकिन पुलिस समय पर कार्रवाई नहीं करती। संगठन के सदस्यों ने बताया कि उन्होंने शुक्रवार सुबह पटेरा में ही 66 पेटी अवैध शराब पकड़ी थी। उस पर भी पुलिस ने एक दिन बाद एफआईआर की और सुबह पकड़ी गई शराब पर कार्रवाई नहीं की। इस मामले में अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि शराब वैध है या अवैध। जिला आबकारी अधिकारी रविंद्र खरे का कहना है कि अभी केवल इतनी जानकारी मिली है कि यह शराब सागर से पटेरा के लिए आई थी।

ये भी पढ़ें-  इमाम ने ओवैसी की तरह फाड़ डाला 'वक्फ बिल' लिखा हुआ सादा कागज, राजगढ़ में दिखा विरोध का ऐसा तरीका

अभी तक स्पष्ट नहीं है कि शराब वैध है या अवैध। पुलिस ने शराब को जब्त कर लिया है और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है। एडिशनल एसपी संदीप मिश्रा का कहना है कि शराब जब्त कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है कि शराब कहां से आई थी और यहां कैसे पहुंची। अभी तक पुलिस ने यह भी खुलासा नहीं किया है कि किन धाराओं के तहत इस मामले में अपराध कायम किया जा रहा है। संगठन के लोगों का कहना है कि जब तक शराब जब्त कर पुलिस आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं करती उनका धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। सुबह से लेकर दोपहर 2:30 बजे तक संगठन के लोग पटेरा चौराहे पर एकत्रित हैं और पुलिस और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी कर रहे हैं। हालांकि प्रशासनिक अधिकारी संगठन के लोगों को मनाने में जुटे हैं और उन्हें उचित कार्रवाई का भरोसा भी दिला रहे हैं।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें