मध्यप्रदेश में जहरीली कोल्ड्रिफ कफ सिरप से 23 मासूम बच्चों की मौत के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। तमिलनाडु स्थित श्रीसन फार्मास्युटिकल्स के मालिक गोविंदन रंगनाथन को एसआईटी ने चेन्नई से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को गुरुवार सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच छिंदवाड़ा जिले के परासिया कोर्ट में पेश किया गया, जहां पुलिस ने उसकी रिमांड की मांग की है। कोर्ट परिसर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
एसआईटी टीम ने रंगनाथन को बुधवार रात चेन्नई से पकड़ा था। उसे फ्लाइट से नागपुर लाया गया और वहां से सुबह करीब 7 बजे गाड़ियों के काफिले में छिंदवाड़ा पहुंचाया गया। आरोपी पर ₹20,000 का इनाम घोषित था और वह अपनी पत्नी के साथ फरार चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, रंगनाथन से पूछताछ में यह पता लगाया जाएगा कि कोल्ड्रिफ कफ सिरप के निर्माण में क्या अनियमितताएं हुईं, और मध्यप्रदेश में इसकी सप्लाई किन लोगों के जरिए की गई। इसके लिए कंपनी के प्रोडक्शन रिकॉर्ड, दवा के सैंपल और कई दस्तावेज जब्त किए गए हैं। जांच टीम ने चेन्नई-बेंगलुरु हाईवे स्थित उसके 2,000 वर्गफुट के अपार्टमेंट को सील कर दिया है, जबकि कंपनी का कोडम्बक्कम स्थित ऑफिस बंद मिला है।
दुर्घटना की भयावहता लगातार बढ़ रही है। गुरुवार को परासिया के मोरडोगरी निवासी एक वर्षीय गर्विक पवार की नागपुर मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई, जिससे मृतकों की संख्या छिंदवाड़ा में 20, बैतूल में 2 और पांढुर्ना में 1 होकर कुल 23 हो गई। हालांकि प्रशासन दो और बच्चों की मौत की पुष्टि नहीं कर रहा है।