छतरपुर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ सागर लोकायुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हाउसिंग बोर्ड विभाग में पदस्थ एक लेखापाल (अकाउंटेंट) को 4 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, एक शिकायतकर्ता ने सागर लोकायुक्त पुलिस से शिकायत की थी कि हाउसिंग बोर्ड में लंबित विभागीय कार्य के एवज में संबंधित लेखापाल द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की।
सोमवार को तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता ने आरोपी लेखापाल को 4 हजार रुपए की रिश्वत राशि सौंपी। जैसे ही आरोपी ने रुपए स्वीकार किए, पहले से मौके पर मौजूद लोकायुक्त अधिकारियों ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।
पढ़ें: 1100 करोड़ की लागत से बना था, बाहर निकलने लगा सरिया; गुणवत्ता पर उठे सवाल
गिरफ्तारी के बाद लोकायुक्त टीम आरोपी को लेकर हाउसिंग बोर्ड कार्यालय पहुंची, जहां संबंधित फाइलों और दस्तावेजों की जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है तथा आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
हाउसिंग बोर्ड कार्यालय में हुई इस कार्रवाई के बाद शासकीय विभागों में हड़कंप मच गया है। लोकायुक्त अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।