बुरहानपुर जिले के शिकारपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत हाईवे के निर्माण कार्य के दौरान दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार हाईवे निर्माण कार्य में लगी एक बड़ी क्रेन के टायर में हवा भरने के दौरान यह हादसा हुआ। जब गर्मी के चलते तापमान बढ़ गया और इस दौरान टायर में हवा अधिक भरने से टायर फूट गया। इस घटना में हवा भरने वाले व्यक्ति के साथ ही वहां खड़े एक युवक की भी मौत हो गई। हादसे के बाद दोनो मजदूरों का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लाया गया। इधर शिकारपुर थाना पुलिस की टीम ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़े: प्रयागराज से आ रही बस कंटेनर से टकराई, हादसे में 35 यात्री घायल; छह की हालत गंभीर
परिजन के आने पर हो सकेगा पीएम
वहीं इस मामले में शासकीय अस्पताल के चिकित्सक डॉ दीपक जायसवाल ने बताया कि उन्हें अभी जानकारी मिली थी कि हाईवे का जहां काम चल रहा है। वहां क्रेन के टायर में हवा भरते समय टायर फट गया, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इसमें फिलहाल एक शव हॉस्पिटल पहुंच चुका है और दूसरा शव यहां लाने की तैयारी की जा रही है। इसके बाद कागजी कार्रवाई करते हुए पीएम की तैयारी की जाएगी। हालांकि उन्होंने बताया कि मृतकों के रिश्तेदार यूपी के रहने वाले हैं, जिन्हें आने में समय लगेगा। इसलिए परिजन के आने के बाद ही पीएम हो सकेगा।