आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
डॉक्टर की हैवानियत का एक मामला अशोकनगर में सामने आया है, जहां जिला चिकित्सालय में पदस्थ क्लास वन डॉ. विकास सिंह ने अपनी ही साथी डेंटिस्ट डॉक्टर को बहला-फुसला कर शादी का झांसा देते हुए अपनी हवस का शिकार बना डाला। महिला चिकित्सक मणिपुर से एक साल बॉन्ड पर अशोकनगर आई थी, जहां डॉक्टर ने उसकी अस्मत लूट ली। डरी-सहमी महिला डॉक्टर ने मणिपुर पहुंचकर हिम्मत जुटाते हुए दोषी डॉक्टर के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई और डॉक्टर को सलाखों के पीछे भेज दिया।
दरअसल अशोकनगर जिला अस्पताल में पदस्थ डॉक्टर विकास सिंह ने महिला चिकित्सक को अपने झूठे प्रेम जाल में फंसा लिया था और खुद को कुंवारा बताते हुए शादी करने का झांसा दिया और उसे अपनी हवस का शिकार बना डाला। बीते 8 नवंबर को आरोपी डॉक्टर महिला से मिलने और शादी का स्वांग रचने मणिपुर के इम्फाल के होटल में गया तो जिसे ही महिला चिकित्सक को डॉक्टर के विवाहित और दो बच्चियों का पिता होने की बात पता चली तो पीड़िता ने इम्फाल के महिला थाने पहुंचकर दुष्कर्म और धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज करा दिया। प्रकरण दर्ज होने के बाद पुलिस ने डॉक्टर को अरेस्ट कर लिया।
अशोकनगर जिला अस्पताल में पदस्थ डॉक्टर विकास सिंह दिवाली से गायब हैं। सिविल सर्जन डॉ. डीके भार्गव ने बताया कि इसी बीच डॉक्टर के पिता यहां आए थे और उन्होंने डॉक्टर विकास को मणिपुर में अरेस्ट होने की बात बताई थी। जानकारी मिलने पर सिविल सर्जन ने एसपी को पत्र भेजकर मामले की जानकारी उपलब्ध उपलब्ध कराने का आग्रह किया था। इसके बाद यह पूरा मामला उजागर हो गया। वहीं सिविल सर्जन ने डॉक्टर के अस्पताल से गायब रहने सहित तमाम जानकारियों का पत्र स्वास्थ्य आयुक्त भोपाल को भी भेज दिया है।