नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल से डांट खाने के बाद हरकत में आई दिल्ली सरकार ने ऑड इवेन फॉर्मूला फिर से लागू करने के संकेत दिए। दिल्ली के सारे स्कूलों में तीन दिन की छुट्टी भी मुख्यमंत्री ने रविवार को घोषित कर दी। इससे पहले नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के लिए केंद्र और दिल्ली सरकार को हड़काया और पूछा कि, जब वक्त था तब प्रदूषण से निपटने के लिए कोई सॉलिड एक्शन प्लान क्यों नहीं तैयार किया। वहीं दिल्ली से सटे राज्यों में धान की कटी फसल के बाद बची घास को जलाने के मामले में भी एनजीटी ने पंजाब, हरियाणा, राजस्थान को नोटिस भेजा है। प्रदूषण के बढ़ते स्तर को देखते हुए दिल्ली में शनिवार को एमसीडी के 1750 और एनडीएमसी के 82 स्कूल बंद रहे थे।