फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanwar Yatra 2026: यूपी के DGP ने जारी किया निर्देश कांवड़ रूट पर बंद रहेगी मीट-शराब की दुकानें!

Tue, 21 Jul 2026 04:30 AM IST
Bhaskar Tiwari वीडियो डेस्क अमर उजाला डॉट कॉम

उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। लाखों श्रद्धालुओं की भागीदारी को देखते हुए यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों के वरिष्ठ अधिकारियों ने मिलकर सुरक्षा योजना तैयार की है। इसी क्रम में मेरठ में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड और राजस्थान के आला अधिकारी शामिल हुए। बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान आने वाली संभावित चुनौतियों, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

करीब तीन घंटे तक चली इस बैठक में सभी राज्यों के अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र की तैयारियों का प्रजेंटेशन दिया। अधिकारियों ने कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक मैनेजमेंट और आपात स्थिति से निपटने की रणनीति पर जानकारी साझा की। बैठक के बाद उत्तर प्रदेश के डीजीपी राजीव कृष्ण ने बताया कि कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं।

डीजीपी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के रूट पर सुरक्षा कारणों से मीट और शराब की दुकानों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा पूरे कांवड़ मार्ग पर आधुनिक निगरानी व्यवस्था लागू की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए हेलिकॉप्टर, ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों का इस्तेमाल किया जाएगा। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।

यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भी विशेष योजना तैयार की गई है। शहरी क्षेत्रों में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। कांवड़ियों की सुविधा के लिए मार्ग की एक लेन आरक्षित रखी जाएगी, जबकि दूसरी लेन से छोटे वाहनों के संचालन की व्यवस्था की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य है कि श्रद्धालुओं की आवाजाही के साथ-साथ आम लोगों को भी कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े।

डीजीपी ने बताया कि सभी राज्य सीमाओं पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे। इसके साथ ही डॉग स्क्वायड, बम निरोधक दस्ते, इंटेलिजेंस ब्यूरो, खुफिया विभाग और एलआईयू की टीमों को भी सक्रिय रखा जाएगा। सुरक्षा एजेंसियां लगातार इनपुट जुटाकर स्थिति पर नजर रखेंगी।

इस वर्ष कांवड़ यात्रा 30 जुलाई से शुरू होने जा रही है और 11 अगस्त को शिवरात्रि के अवसर पर लाखों शिवभक्त भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। उत्तर प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली समेत कई राज्यों से श्रद्धालु हरिद्वार और गोमुख पहुंचकर गंगाजल लेकर अपने-अपने शिवालयों में जल चढ़ाएंगे। श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और सुविधाओं को लेकर तैयारियां पूरी करने पर विशेष जोर दिया है।



 

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें