फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अहमदाबाद में जगन्नाथ रथयात्रा में हाथी बेकाबू,जान बचाने भागने लगे लोग

Fri, 27 Jun 2025 11:27 AM IST
अजीत यादव न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

अहमदाबाद में रथ यात्रा के दौरान जुलूस में शामिल एक हाथी बेकाबू हो गया और उसने अजीब व्यवहार करना शुरू कर दिया। इसे तुरंत काबू में कर लिया गया और वहां से ले जाया गया। अहमदाबाद पुलिस ने बताया कि अग्निशमन विभाग, डॉक्टर और पुलिस की टीमें मौके पर मौजूद हैं। 

देशभर में जगन्नाथ रथयात्रा की भव्यता और श्रद्धा का नजारा देखने को मिला। अहमदाबाद में 148वीं रथयात्रा के मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सुबह श्री जगन्नाथ मंदिर पहुंचकर मंगल आरती में हिस्सा लिया। इस दौरान गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी मौजूद रहे और उन्होंने रथ खींचने की रस्म भी निभाई।


अमित शाह ने इस मौके पर सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि श्री जगन्नाथ रथयात्रा के पावन पर्व पर अहमदाबाद के श्री जगन्नाथ मंदिर में मंगल आरती में शामिल होना अपने आप में एक दिव्य और अद्भुत अनुभव है। मैंने महाप्रभु जगन्नाथ जी की पूजा-अर्चना की और देशवासियों के कल्याण और प्रगति की कामना की। इसके साथ ही उन्होंने रथयात्रा को आस्था, संस्कृति और विरासत का अद्भुत संगम बताया।
पुरी में भी दिखी श्रद्धालुओं की भारी भीड़
उधर, ओडिशा के पुरी शहर में भी जगन्नाथ रथयात्रा के अवसर पर भारी भीड़ उमड़ी। यहां भगवान जगन्नाथ, उनके भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की भव्य रथयात्रा निकाली गई। तीनों देवताओं को रथों पर सवार कर गुंडिचा मंदिर तक ले जाया गया, जहां वे एक सप्ताह निवास करेंगे। उसके बाद उन्हें वापस जगन्नाथ मंदिर लाया जाएगा।

ओडिशा के मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं का किया स्वागत
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने सभी श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि आस्था और श्रद्धा के साथ रथयात्रा में शामिल हों, महाप्रभु के दिव्य दर्शन करें और उनका आशीर्वाद प्राप्त करें। उन्होंने रथयात्रा को राज्य की संस्कृति और पहचान का अहम हिस्सा बताया।

रथयात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला। वहीं, सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए गए। पुरी से लेकर अहमदाबाद तक पुलिस बल तैनात किया गया और ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त रखी गई ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

 

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें