पंजाब में चुनावी पारा चढ़ चुका है। शुक्रवार को पंजाब में सत्ता की दावेदार तीनों प्रमुख पार्टियों ने रैलियों में एक दूसरे पर हमला बोला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जालंधर में शिरोमणि अकाली दल और बीजेपी के गठबंधन के पक्ष में कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोला तो कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कैप्टन अमरिंदर सिंह को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करते हुए अरविंद केजरीवाल को पंजाब के लिए बाहरी बताया। उधर केजरीवाल ने भी पंजाब के लिए आप का घोषणापत्र जारी किया और सत्ता में आने पर दलित को राज्य का डिप्टी सीएम बनाने का पासा फेंका। तीनों पार्टियों की रैलियों में ड्रग्स का मुद्दा भी छाया रहा और सबने अपने-अपने अंदाज में एक दूसरे पर आरोपों की बरसात की।