‘आप’ में छिड़ी जंग में कुमार विश्वास के करीबी माने जाने वाले कपिल मिश्रा को अरविंद केजरीवाल ने कैबिनेट से बाहर का रास्ता दिखा दिया। कपिल मिश्रा की जगह नजफगढ़ के विधायक कैलाश गहलोत को मंत्री बनाया जाएगा, जबकि सीमापुरी से विधायक राजेन्द्र पाल गौतम दिल्ली सरकार में मंत्री बनेंगे। इस फैसले के बाद कपिल मिश्रा ने कई ट्वीट के जरिए केजरीवाल को निशाने पर लिया। उन्होंने ट्वीट में लिखा कि फैसले के बारे में मुझे जानकारी नहीं दी गई और मेरी जानकारी के अनुसार केजरीवाल ने ये फैसला एकतरफा लिया। बता दें कि ‘आप’ में कुमार विश्वास के ‘वी द नेशन’ वीडियो के बाद से कलह मची हुई है। इस पूरे घटनाक्रम से पार्टी कार्यकर्ताओं में जबर्दस्त नाराजगी है। यहां तक कि कुछ दिन पहले जब पार्टी के दो बड़े नेता कुमार विश्वास को मनाने उनके घर गए, तो उन्हें चोर दरवाजे से भीतर जाना पड़ा क्योंकि मुख्य दरवाजे पर जमा कार्यकर्ता इनके साथ हाथापाई पर उतारू थे।