मनरेगा मजदूरों से की मुलाकात, बुजुर्गों का पूछा हालचाल
जसाना पंचायत के समलाड़ा में पहुंचे विधायक
संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा (ऊना)। कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा ने बंगाणा के जसाना पंचायत के गांव समलाड़ा में मनरेगा मजदूरों से मुलाकात की। बुजुर्गों का हालचाल जाना और उनकी समस्याओं के बारे में विस्तार से चर्चा की। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के महत्व को रेखांकित करते हुए विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन और विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. डॉ. मनमोहन सिंह के योगदान की सराहना की। इनके कार्यकाल में 2005 में मनरेगा की शुरुआत हुई थी। विवेक शर्मा ने कहा कि मनरेगा ने ग्रामीण परिवारों को 120 दिनों का रोजगार प्रदान करके उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार किया है। यह योजना गरीब और कमजोर वर्ग के लोगों के लिए एक ऐतिहासिक कदम साबित हुई है और आज भी गांवों के गरीब और असहाय परिवारों के लिए वरदान बनी हुई है। विधायक विवेक शर्मा ने कुटलैहड़ क्षेत्र में मनरेगा के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए प्रतिबद्धता जताई है। कहा कि सरकारी धन का दुरुपयोग नहीं होने देंगे और जहां दुरुपयोग हुआ है, उसकी जांच होगी। इसके अलावा विवेक शर्मा ने क्षेत्र में विकास कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को जनता की पानी, बिजली जैसी छोटी-छोटी समस्याओं का तुरंत समाधान करने के आदेश दिए हैं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में जीवन स्तर में सुधार हो सके। विधायक विवेक शर्मा ने कुटलैहड़ क्षेत्र में विकास कार्यों को बढ़ावा देने के लिए कई परियोजनाओं की शुरुआत की है। वहीं, विधायक विवेक शर्मा ने बुधवार को कुटलैहड़ कांग्रेस कार्यालय में जन समस्याओं को सुना। उनके समाधान के लिए अधिकारियों को आदेश दिए।