सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कंडाघाट में नशे के उपयोग एवं अवैध व्यापार के विरुद्ध अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों को नशे के खिलाफ शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के तहसील कल्याण अधिकारी गोपाल शर्मा ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि यदि आसपास कोई व्यक्ति नशा करता या नशे से जुड़ी किसी गतिविधि में शामिल दिखाई दे तो इसकी जानकारी तुरंत स्कूल के प्रधानाचार्य, अध्यापकों या अपने अभिभावकों को दें। हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति के जिला अध्यक्ष बीएस पवार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि सही दिशा में मेहनत करने से ही युवा देश और समाज के जिम्मेदार नागरिक बन सकते हैं। कार्यक्रम में समिति के जिला सचिव जयंत शर्मा, खंड कंडाघाट सचिव रमेश ठाकुर, उपाध्यक्ष लायकराम ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य कुलदीप सूर्या, शिक्षक एवं अन्य स्टाफ भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।