सोलन शहर में सब्जियों के मनमाने दाम वसूलने और रेट लिस्ट प्रदर्शित नहीं करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने मालरोड, अपर बाजार और पुराने बस अड्डे क्षेत्र में अभियान चलाकर 15 सब्जी दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान आठ दुकानदार निर्धारित दरों से अधिक कीमत वसूलते पाए गए। कार्रवाई के दौरान कुल 513 किलोग्राम सब्जियां जब्त की गईं और संबंधित विक्रेताओं के ₹26,445 के चालान किए गए। कई दुकानदारों ने रेट लिस्ट नहीं लगाई थी, जबकि कई जगह सब्जियां निर्धारित मूल्य से कई गुना अधिक दाम पर बेची जा रही थीं। खाद्य निरीक्षक हरीश चंद और फूड सप्लाई ऑफिसर गिरीश नेष्टा ने जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक श्रवण हिमालयन के निर्देश पर अभियान चलाया। कार्रवाई की शुरुआत मालरोड से की गई, जहां विभाग के कार्यालय के सामने ही एक सब्जी विक्रेता अधिक दाम वसूलता मिला। इसके बाद अन्य दुकानों और रेहड़ी-फड़ी संचालकों की जांच की गई। मुरारी मार्केट में दो परचून दुकानों पर प्रतिबंधित पॉलिथीन मिलने पर भी कार्रवाई की गई। एक दुकान से 460 ग्राम और दूसरी से 55 ग्राम पॉलिथीन बरामद हुई। दोनों दुकानदारों पर कुल ₹2,000 के चालान किए गए। जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक श्रवण हिमालयन ने बताया कि उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। उन्होंने सभी दुकानदारों को निर्धारित दरों पर सामान बेचने और रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।