नालागढ़ शहर के वार्ड नंबर-2 में मंगलवार दोपहर फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। गोली लगने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है घायल युवक की पहचान आमिर खान पुत्र रोशन, निवासी वार्ड नंबर-2 नालागढ़ के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार घटना दोपहर करीब 12 बजे के आसपास हुई, जब एक युवक ने अचानक आमिर खान पर गोली चला दी। गोली आमिर के दाहिने हाथ में लगी, जबकि उसके कुछ छर्रे पेट में भी जा घुसे, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद परिजन घायल को तुरंत नालागढ़ अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने बताया कि अस्पताल में गोली लगने का मामला आया था और मरीज की हालत गंभीर होने के कारण उसे तुरंत रेफर किया गया। वहीं घायल युवक की माता ने बताया कि आपसी रंजिश के चलते उनके बेटे पर हमला किया गया है। उन्होंने पुलिस से आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने और सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। लगातार सामने आ रही फायरिंग की घटनाओं के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में चिंता बढ़ने लगी है।