सोलन जिले के कुनिहार क्षेत्र में यूरिया खाद की भारी कमी से किसान और बागवान परेशान हैं। खरीफ सीजन के बीच पर्याप्त खाद उपलब्ध न होने से खेती और बागवानी कार्य प्रभावित होने लगे हैं। किसानों का कहना है कि यदि जल्द पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध नहीं करवाई गई तो फसलों की पैदावार पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। जानकारी के अनुसार क्षेत्र के लिए हिमफैड के माध्यम से करीब 2,500 यूरिया खाद के बैग की मांग भेजी गई थी, लेकिन अब तक केवल 600 बैग ही उपलब्ध कराए गए हैं। मांग और आपूर्ति के बीच बड़े अंतर के कारण खाद वितरण केंद्रों पर किसानों की भीड़ बढ़ रही है और उन्हें पर्याप्त मात्रा में खाद नहीं मिल पा रही है। किसान और बागवानों का कहना है कि इस समय मक्की, सब्जियों और अन्य खरीफ फसलों के लिए यूरिया की आवश्यकता सबसे अधिक होती है। ऐसे में खाद की कमी उनके लिए गंभीर चिंता का विषय बन गई है। किसानों ने सरकार और संबंधित विभाग से मांग की है कि कुनिहार क्षेत्र में जल्द पर्याप्त मात्रा में यूरिया खाद की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को समय पर खाद मिल सके और फसलों को नुकसान से बचाया जा सके।