कारगिल विजय दिवस के अवसर पर जिला सहकारिता प्रकोष्ठ, सोलन की ओर से ग्राम पंचायत बोहली में वीर शहीद सिकंदर की स्मृति में श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पूर्व सैनिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम की शुरुआत शहीद सिकंदर के स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित करने और दो मिनट का मौन रखकर हुई। वक्ताओं ने कहा कि कारगिल के वीर जवानों का साहस, समर्पण और सर्वोच्च बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा। श्रद्धांजलि के बाद शहीद स्मारक परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसके साथ ही पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश दिया गया। उपस्थित लोगों ने शहीदों के आदर्शों पर चलने, राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने और सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन का संकल्प लिया। कार्यक्रम में शहीद सिकंदर की माता निर्मला देवी विशेष रूप से मौजूद रहीं। इस दौरान पूर्व ब्लॉक समिति अध्यक्ष भीम सिंह, जिला सहकारिता प्रकोष्ठ के संयोजक यशपाल ठाकुर, सह संयोजक रोहित चंदेल सहित कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। समारोह में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों ने भी भाग लिया। पूर्व-सेवा लीग जिला सोलन के अध्यक्ष सूबेदार मेजर (सेवानिवृत्त) सच्चिदानंद, सूबेदार तीर्थ राम, सूबेदार नरेंद्र कुमार, हवलदार हरीश कुमार, वारंट अधिकारी पूरन चंद अत्री सहित अन्य पूर्व सैनिकों ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। समापन अवसर पर वक्ताओं ने युवाओं से राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और सेवा भावना को जीवन का मूल मंत्र बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शहीदों के बलिदान का सच्चा सम्मान तभी होगा, जब समाज उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारेगा।