राजकीय महाविद्यालय सोलन के रोड सेफ्टी क्लब की ओर से नशा मुक्ति और सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज सभागार में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में जिला स्वास्थ्य अधिकारी सोलन डॉ. अमित रंजन और ट्रैफिक पुलिस सोलन की सब-इंस्पेक्टर दयावती गुलेरिया उपस्थित रहीं। डॉ. अमित रंजन ने छात्र-छात्राओं को नशे की प्रवृत्ति और उसके दुष्प्रभावों की जानकारी दी। कहा कि नशे की प्रवृत्ति धूम्रपान से शुरू होकर चिट्टे आदि तक पहुंच जाती है, जो कई परिस्थितियों में जानलेवा साबित होती है। इसलिए युवाओं को इसके दुष्परिणामों से जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है। सड़क सुरक्षा जागरूकता के तहत सब-इंस्पेक्टर दयावती गुलेरिया ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा में सावधानियों, नियमों और दुर्घटनाओं के कारणों से अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि हमें सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना चाहिए और इन्हें तोड़कर अपनी जान को जोखिम में नहीं डालना चाहिए। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मनीषा कोहली ने इस अवसर पर बताया कि सोलन कॉलेज अपने स्थापना दिवस समारोह सप्ताह के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन कर रहा है जिस तहत यह गतिविधियां आयोजित की गईं। महाविद्यालय के रोड सेफ्टी क्लब के संयोजक डॉ. मुकेश कुमार शर्मा ने बताया कि इस जागरूकता अभियान में लगभग 300 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम को सफल बनाने में रोड सेफ्टी क्लब के सदस्य डॉ. वंदना गुप्ता, डॉ. रवि राम, डॉ. कात्यायनी शर्मा और डॉ. अलीशा चौहान ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी शिक्षक तथा गैर-शिक्षक वर्ग भी उपस्थित रहे।