अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने राष्ट्रीय युवा दिवस के तहत नालागढ़ में मैराथन का आयोजन किया। मैराथन में अलग-अलग आयु वर्ग के धावकों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर एबीवीपी के प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर राकेश शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और झंडी दिखा कर दौड़ को रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद 12 जनवरी से 23 जनवरी तक युवा दिवस के उपलक्ष्य में प्रदेश भर में खेलो इंडिया के सहयोग से विभिन्न खेलों का आयोजन कर रही है। इसका उद्देश्य युवाओं को नशे जैसी बीमारियों से दूर रख कर उन्हें अच्छा नागरिक बनाना है। मैराथन नालागढ़ लोकनिर्माण विभाग के विश्राम गृह से शुरू होकर नंगल तक हुई तथा वहां से वापस नालागढ़ महाविद्यालय में आकर संपन्न होगी। इसके बाद पुरस्कार का वितरण होगा। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में इंदु ठाकुर, एबीवीपी के विभाग संयोजक शेखर कंढारी, विभाग संगठन मंत्री अजय, जिला संगठन मंत्री बलबीर समेत अन्य लोग मौजूद रहे।