पहले भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रह चुके आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। पुलिस ने चिट्टे के मामले में गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर दो औरद आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
एसपी सोलन गौरव सिंह ने बताया कि चिट्टे के मामले दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए इसमें संलिप्त 2 अन्य आरोपियों लोकेश शर्मा और रवि कुमार उर्फ मसीह निवासी कौशल निवास रबौण सोलन को 15 दिसंबर को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी पहले से मामले में पकड़े गए दोनों आरोपियों से चिट्टा की खरीद करते थे। जांच के दौरान यह भी पाया गया कि गिरफ्तार दोनों आरोपी पहले भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं। आरोपी रवि के विरुद्ध पुलिस थाना ढली में चोरी का मामला और थाना धर्मपुर में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत एक मामला दर्ज है। इसी तरह आरोपी लोकेश शर्मा के खिलाफ सदर थाना कुल्लू में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज है। इसमें आरोपी से 300 ग्राम चरस पकड़ी गई थी। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जा रहा है। पुलिस जांच जारी है।