फोरलेन निर्माण के दौरान बनाई पुलिया की घरों की तरफ दी गई है निकासी
एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर शांत करवाए लोग
पहले उठाया जा चुका है मुद्दा, एनएचएआई ने नहीं की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। कालका-शिमला नेशनल हाईवे-पांच पर कैथलीघाट से सोलन के बीच फोरलेन निर्माण के दौरान सलोगड़ा में बनाई गई पुलिया के पानी की निकासी को लेकर लोगों ने मोर्चा खोल दिया है। आरोप है कि पुलिया की निकासी क्षेत्र में बने घरों की तरफ कर दी गई है। इससे बारिश के दौरान सारा पानी लोगों के घरों की छत्तों और क्षेत्र की ओर आ जाता है। इससे नुकसान होने की संभावना है। वहीं, घरों को भी खतरा बना हुआ है।
वीरवार को सलोगड़ा निवासियों ने एकत्र होकर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के खिलाफ रोष जताया। लोगों ने कहा कि इस मुद्दे को उठा चुके हैं, लेकिन अभी तक पुलिया की निकासी को बंद नहीं किया गया है। लोगों ने अल्टीमेटम दिया कि अगर आगामी दिनों में पुलिया को दूसरी जगह शिफ्ट नहीं किया जाता है तो सड़कों पर उतर कर नारेबाजी की जाएगी। लोगों का आरोप है कि ग्रामीण क्षेत्र को देखकर भी पुलिया को बना दिया गया और अब अधिकारी इसे बनाने को लेकर पैसे बर्बाद होने की बात कर रहे हैं। हालांकि इस दौरान लोगों की बात सुनने के लिए एसडीएम डॉ. पूनम बंसल मौके पर पहुंचीं। फोरलेन निर्माण कर रही कंपनी के अधिकारी और अन्य लोग भी पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझा कर शांत करवाया और आश्वासन दिया कि पुलिया को बंद कर दिया जाएगा ताकि लोगों को कोई नुकसान न हो।
ग्रामीण गीता राम, उषा, रक्षा मिनाक्षी, बबीता, कौश£या, सोनी, निशा, श्याम लाल और वार्ड सदस्य राजीव ने कहा कि इस बारे में कई बार जिला प्रशासन और कंपनी के अधिकारियों को बताया गया है। पिछले दिनों हुई बारिश के दौरान भी लोगों को काफी समस्या का सामना करना पड़ा। मकान और गोशाला को नुकसान पहुंच चुका है।
सलोगड़ा में बनाई गई पुलिया को कंक्रीट डालकर बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद पानी ग्रामीण क्षेत्र में बने घरों की ओर नहीं जाएगा। लोगों को मौके पर समझा दिया गया है और मामला शांत करवा दिया गया है।
-डॉ. पूनम बंसल
उपमंडलाधिकारी, सोलन