निरमंड के रैमू में एसडीएम की अध्यक्षता में आयोजित हुआ कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
निरमंड (कुल्लू) । आनी विधानसभा क्षेत्र के निरमंड उपमंडल में सोमवार को प्रशासन गांव की ओर कार्यक्रम आयोजित हुए। निरमंड के रैमू स्थित तवार पंचायत के मुख्यालय में ग्राम पंचायत तवार और निशानी की जनता की शिकायतों के निवारण के लिए यह कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें लिखित और मौखिक कुल 20 शिकायतें प्रशासन के समक्ष रखी गईं। इनमें अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निपटारा किया गया। इनमें से अधिकांश शिकायतें बरसात के दौरान बादल फटने से आई बाढ़ से हुए नुकसान और भविष्य में नुकसान से बचने के लिए जरूरी कदम उठाने, सड़क, पानी, बिजली आदि से संबंधित थीं। कार्यक्रम के दौरान एसडीएम मनमोहन सिंह ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के निवारण के लिए उचित दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि सभी समस्याओं का हर संभव निवारण किया जाएगा। उन्होंने मामले पर एक माह के भीतर समीक्षा बैठक कर उचित कार्रवाई करने की आश्वासन भी लोगों को दिया। एसडीमए मनमोहन शर्मा ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि लोगों को घर द्वार पर समस्याओं का समाधान मिले। इसके चलते प्रशासन गांव की ओर कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। उन्होंने संबंधित विभागों को सभी शिकायतों पर त्वरित और प्राथमिकता के तौर पर कार्रवाई करने को कहा। इस मौके पर विभिन्न विभागों के उपमंडल स्तर के अधिकारी, कर्मचारी, स्थानीय जन प्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।