बागवानी विभाग के 18 उद्यान प्रसार केंद्र में नहीं अधिकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। प्रदेश में आनी विस क्षेत्र सेब बहुल क्षेत्र से जाना जाता है। सेब उत्पादन व्यवसाय में प्रमुख कारोबार होने के बावजूद यहां के बागवानी विभाग में पिछले काफी समय से स्टाफ का टोटा चला हुआ है। इससे अनुमान लगाया जा सकता है कि बागवानों को इस विभाग का कितना लाभ मिलता होगा। अधिकतर समस्याएं ग्रामीण इलाकों में खोले उद्यान प्रसार केंद्रों में आ रही हैं, क्योंकि ग्रामीण क्षेत्रों में ही सेब उत्पादन होता है और बागवानों को जब सबसे ज्यादा आवश्यकता इन केंद्रों में तैनात कर्मचारियों की रहती है, तो उद्यान प्रसार केंद्रों में अधिकारी का पद रिक्त होने से बागवानों को समय रहते इनका लाभ नहीं मिल पाता है।
गौर हो कि आनी विस क्षेत्र में 18 उद्यान प्रसार केंद्र खोले गए हैं, जिसमें से 9 कार्यालयों में स्टॉफ ही नहीं है। इसमें रोपा, कराणा, घोरला, बेहना, चवाई, नित्थर, उर्टू, रेमू, सगौट उद्यान प्रसार केंद्र शामिल हैं, जहां पिछले कई समय से स्टाफ नहीं है। इसके अलावा तीन एचडीओ, पांच बेलदार, चौकीदार समेत 20 पद रिक्त होने से उद्यान विभाग आनी जुगाड़ू काम चलाने को विवश है। जानकारी के अनुसार, एक उद्यान प्रसार अधिकारी और एक बेलदार अगले महीने सेवानिवृत होने वाले हैं, जिससे अब यहां 22 पद रिक्त हो जाएंगे। ऐसे में विभाग भी बागवानों को सरकारी सौ प्रतिशत सरकारी सेवाएं देने में असमर्थ हैं। बागवानों ने सरकार से रिक्त पदों को भरने की मांग उठाई है। वहीं, आनी विस क्षेत्र के विधायक लोकेंद्र कुमार ने कहा कि रिक्त पदों को भरने के लिए मंत्री से बात करेंगे।
आनी में रिक्त पदों की जानकारी आलाधिकारियों के ध्यान में हैं। जब भी उनकी उच्चाधिकारियों के साथ बैठक होगी, तो रिक्त पदों को भरने की बात प्रमुखता से रखी जाएगी। -
डॉ नीना ठाकुर जिला उपनिदेशक, बागवानी विभाग