संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। सदर उपमंडल की ग्राम पंचायत कटौला में रविवार को सुशासन सप्ताह के तहत अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनी। इस दौरान कटौला, कमांद, नवलाय, सेगली, बागी तथा टिहरी के लोग समस्याएं लेकर पहुंचे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीएम सदर ओमकांत ठाकुर ने की। उन्होंने कहा कि प्रशासन गांव की ओर अभियान एक परिवर्तनकारी प्रयास है।
इसका उद्देश्य शासन को ग्रामीण लोगों के करीब लाना है। लोगों को सरकार की ओर से संचालित कल्याणकारी योजनाओं का व्यापक लाभ समय पर प्राप्त हो, उन्हें मूलभूत सुविधाएं घर-द्वार पर मिले, यही इस कार्यक्रम का मूल मंत्र है। प्रशासन का प्रयास रहता है कि लोगों की समस्याओं का अविलंब समाधान किया जाए। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे विभागों से संबंधित शिकायतों और समस्याओं का समयबद्ध निपटान सुनिश्चित करें। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार की योजनाओं की लोगों को जानकारी प्रदान की गई। संवाद