सरकाघाट (मंडी)। क्षय रोग उन्मूलन समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए एसडीएम स्वाति डोगरा ने कहा कि क्षय रोग असाध्य नहीं है। इसका पूरी तरह से सफल इलाज किया जा सकता है। रोग की शीघ्र और सही जांच के साथ बिना किसी रुकावट उपचार पूरा कर टीबी को हराना संभव है। उन्होंने टीबी उन्मूलन अभियान को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने टीबी उन्मूलन की लक्ष्य प्राप्ति के लिए सभी विभागीय अधिकारियों से आग्रह करते हुए कहा कि स्वास्थ्य खंड बलद्वाड़ा में 46 ग्राम पंचायतों में से 8 पंचायतें पूर्णतः टीबी मुक्त हो चुकी हैं। अन्य पंचायतों में भी टीबी उन्मूलन की दृष्टि से सामूहिक और जनभागीदारी के साथ कार्य किया जा रहा है। एसडीएम ने सभी उपस्थित सदस्यों को टीबी उन्मूलन की शपथ दिलाई।
इस मौके पर खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार ने टीबी उन्मूलन को लेकर चलाई व्यापक मुहिम की जानकारी दी। इस दौरान खंड विकास अधिकारी विवेक पॉल, बाल विकास परियोजना अधिकारी अनीता शर्मा, प्रधानाचार्य औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान बतैल तारा चंद आदि मौजूद रहे। संवाद