करसोग (मंडी)। करसोग उपमंडल में 41 पटवार वृत्त में से 14 पटवारियों के पद रिक्त हैं। कई कानूनगो सर्किल में दो-दो पटवार वृत्त एक पटवारी के हवाले हैं। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। तहसील करसोग में 9 पटवार वृत्त स्यांज बगड़ा, खन्योल बगड़ा, सराहन, सिहंज, अपर करसोग, डबरोट, परलोग, सरतयोला और स्वामाहूं खाली पड़े हैं।
इसी तरह से उपतहसील बगशाड के अंतर्गत शाकरा, तलेहन और काहनु पटवार वृत में भी पटवारियों के पद रिक्त चल रहे हैं। सब तहसील पांगणा के तहत कोटलु और प्रेसी पटवार वृत्त में कार्य अतिरिक्त कार्यभार के सहारे चल रहा है। राजस्व विभाग में पटवारियों का कार्य सीधा जनता से जुड़ा होता है।
अगर पटवार वृत्तों में पटवारी न मिले तो लोगों के कई जरूरी काम प्रभावित होते हैं। इसमें बेरोजगारी प्रमाण पत्र, किसानों और बागवानों के ऋण से संबंधित कार्य, निशानदेही, तकसीम और इंतकाल आदि प्रमुख कार्य हैं। एसडीएम गौरव महाजन का कहना है कि आम लोगों को परेशानियों का सामना न करना पड़े इसके लिए रिक्त पड़े पटवारियों के पदों को भरने का मामला सरकार को भेजा गया है। लोगों के कार्य प्रभावित न हो इसके लिए खाली पड़े पटवार वृत्तों में वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। संवाद