विधानसभा क्षेत्र नादौन के लहड़ा वार्ड के जिला परिषद सदस्य संजीव सेठी ने भाजपा का दामन थामा है। इस दौरान उनके दो अन्य साथियों झरेड़ी से अनिल राणा तथा बढेड़ा से पवन कुमार ने भाजपा ज्वाईन की है। नादौन में आयोजित प्रेसवार्ता में पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री ने हार पहना कर पार्टी में तीनों का स्वागत किया। इस दौरान मंडल अध्यक्ष वीरेन्द्र पठानिया भी उपस्थित रहे। हालांकि भाजपा ओर से यह दावा नहीं किया गया कि संजीव सेठी कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए है लेकिन पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री ने स्थानीय कांग्रेसियों के भाजपा के संपर्क में होने का दावा जरूर किया है। अग्निहोत्री ने कहा कि कांग्रेस के और भी कार्यकर्ता पार्टी के संपर्क में हैं जिन्हें चरणबद्ध तरीके से शीघ्र ही भाजपा में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा का परिवार बढ़ रहा है। जब से कांग्रेस सत्ता में आई है तब से प्रदेश में विकास को ग्रहण लग गया है। राजनैतिक आधार पर कर्मचारियों तथा व्यापारियों सहित आम लोगों को प्रताड़ित किया जा रहा है। सरकार बनते ही गलोड़ कॉलेज सहित अन्य संस्थान जो भाजपा के समय खोले गए थे उन्हें बंद किया गया और मिनी सचिवालय सहित अन्य संस्थानों में अपनी उद्घाटन पट्टिका लगाने के लिए दोबारा शुरू किया गया। पिछले दरवाजे से भर्तिया हो रही हैं जिसके कारण लोग दुखी हैं तथा कांग्रेस कार्यकर्ता हताश है। इस अवसर पर मंडल महामंत्री सुरेंद्र शर्मा, सुरेश चौधरी, अजय शर्मा, मंडल मीडिया प्रभारी राजेश रिंकू, जिला सचिव मनजीत ठाकुर, राजेंद्र ठाकुर, आशु मंडयाल, प्रकाश चंद, सीताराम, दिनेश कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता तथा पदाधिकारी उपस्थित रहे। यह मेरी घर वापसी:सेठी संजीव सेठी ने बताया कि एसएफआई नेता के तौर पर उन्होंने अपना राजनैतिक सफर आरंभ किया था। वह कभी कांग्रेस में शामिल नहीं हुए है। पंचायत प्रधान से अब जिला परिषद तक पहुंचे हैं। परिवारिक पृष्ठभूमि भाजपा से ही है। एक तरह से यह मेरी घर वापसी हुई है। कांग्रेस के सदस्य नहीं भाजपा में शामिल हुए लोग:सुमन जिला कांग्रेस कमेटी के निवर्तमान अध्यक्ष सुमन भारती का कहना है कि नादौन और हमीरपुर जिला में पार्टी मजबूती से कार्य कर रही है। संजीव सेठी और उनके साथ भाजपा में शामिल हुए दो लोग कांग्रेस के प्राथमिक सदस्य तक नहीं है। कांग्रेस संगठन मजबूती से आगे बढ़ रहा है।