धर्मशाला महाविद्यालय के सभागार में इंस्पायर मानक योजना के तहत साइंस मॉडल प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में कांगड़ा और चंबा जिले के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने अपने-अपने विज्ञान मॉडलों का प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। आयोजन में कुल 81 स्कूलों को आमंत्रित किया गया था, जिनमें से 16 स्कूल चंबा और 50 स्कूल कांगड़ा के शामिल हुए। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किए गए मॉडल नवाचार और वैज्ञानिक सोच से भरपूर रहे, जिन्हें देखकर मुख्य अतिथि सहित उपस्थित शिक्षकों और निर्णायकों ने सराहना की। मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों के इनोवेटिव आइडियाज की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस तरह की प्रदर्शनी बच्चों की वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के इन विचारों को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि वे भविष्य में समाज और देश के विकास में योगदान दे सकें। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।