कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तार परियोजना से प्रभावित रछीयालु सहित आसपास के गांवों के लोगों ने मंगलवार को उपायुक्त कांगड़ा से मुलाकात कर मकान और जमीन खाली करने के लिए अतिरिक्त समय देने की मांग की। प्रभावितों का कहना है कि मौजूदा परिस्थितियों में तत्काल विस्थापन संभव नहीं है और उन्हें नया आशियाना तैयार करने के लिए पर्याप्त समय मिलना चाहिए। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से प्रभावित मकानों पर नोटिस लगाए जा रहे हैं और जल्द से जल्द जमीन एवं मकान खाली करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। उनका कहना है कि इस कारण प्रभावित परिवारों में चिंता का माहौल है। प्रभावितों ने उपायुक्त को बताया कि वर्तमान में मानसून का मौसम होने के कारण निर्माण कार्य प्रभावित है। बारिश की वजह से पत्थर, रेत, बजरी और ईंट जैसी निर्माण सामग्री समय पर उपलब्ध नहीं हो पा रही है। ऐसे हालात में 15 से 20 दिनों के भीतर नया मकान तैयार करना व्यावहारिक नहीं है। लोगों ने प्रशासन से आग्रह किया कि उन्हें पर्याप्त समय दिया जाए ताकि वे नए स्थान पर अपने परिवार के लिए सुरक्षित आवास तैयार कर सकें और उसके बाद ही वर्तमान मकानों को खाली कर सकें।