राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) पेपर लीक मामले को लेकर शुक्रवार को धर्मशाला में कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ रोष रैली निकाली। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने शहर में मार्च निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक से लाखों विद्यार्थियों के भविष्य पर सवाल खड़े हुए हैं। उनका कहना था कि परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखने में केंद्र सरकार विफल रही है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज की भी निंदा की। उनका कहना था कि शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगें रख रहे छात्रों पर बल प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार से परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने, पेपर लीक की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा युवाओं के हितों की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।