पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन जिला कांगड़ा की ओर से जिला स्तर पर अखिल भारतीय पेंशनर दिवस का आयोजन धर्मशाला के जोधामल सराय में किया गया। इसमें एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष व जिला कांगड़ा के अध्यक्ष सुरेश ठाकुर मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में धर्मशाला, कांगड़ा, रैत, नगरोटा बगवां तथा पालमपुर के साथ 18 खंड के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संघ की ओर से लगभग 15 से 20 वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया गया। इस दौरान मांगों को लेकर आक्रोश भी देखने को मिला। पेंशनरों ने मांगों को लेकर डीसी के माध्यम से सीएम को ज्ञापन सौंपा। इसमें 31 जनवरी तक मांगें पूरी नहीं होने पर फरवरी से उग्र आंदोलन व विधानसभा घेराव को चेताया है। संघ के राज्य वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुरेश ठाकुर ने कहा कि पेंशनरों की ओर से विभिन्न मांगों पर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि बैठक में जनवरी 2025 तक मांगें पूरी करने का अल्टीमेटम दिया। यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो फरवरी में सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन करेंगे, शिमला में विधानसभा का घेराव करेंगे।