सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र साहो में मरीज का चैकअप करते चिकत्सक
साहो (चंबा)। शुष्क ठंड से अब लोगों की सेहत भी बिगड़ने लगी है। अधिकतर लोग जुकाम, खांसी और सांस की बीमारी की चपेट में आने लगे हैं। साहो क्षेत्र के तहत आने वाली परौथा, रजिंडू, सराहण, कीड़ी, अठलुई, पल्यूर, कुरैणा और गुवाड़ पंचायतों के लोग शुष्क ठंड से ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। जिले में पड़ने वाली कड़ाके की ठंड भी इसकी एक वजह बताई जा रही है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र साहो में रोजाना 350 की ओपीडी हो रही है। मरीजों की तादाद में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। सीएचसी साहो में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक क्रमवार मरीजों का चेकअप करने के बाद उन्हें जरूरी परामर्श दे रहे हैं।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र की नौ पंचायतों का केंद्रबिंदु हैं। मरीजों विमला देवी, रेखा देवी, आरती देवी, पिंकी देवी, निशा देवी, कमल कुमार, सुरेंद्र कुमार, राजीव कुमार, प्रताप चंद, कमलेश कुमार आदि ने बताया कि शुष्क ठंड के चलते सांस, सर्दी-जुकाम और खांसी की चपेट में आ रहे हैं। सुबह और रात के समय कड़ाके की ठंड पड़ने से तापमान शून्य डिग्री से नीचे लुढ़क रहा है जबकि, दोपहर के समय खिली धूप लोगों के पसीने निकालने का काम कर रही है। उन्होंने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हर दिन दर्जनों की संख्या में मरीज अपना चेकअप कराने के लिए पहुंच रहे हैं।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधिकारी डॉ. क्षितिज शर्मा ने बताया कि मौसम के शुष्क मिजाज के चलते मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। लोग सर्दी-जुकाम व खांसी से बचने के लिए पानी उबालने के बाद ठंडा होने पर ही इस्तेमाल करें। बताया कि घर से बाहर निकलने पर लोग मास्क जरूर पहनें। बारिश न होने की वजह से पर्यावरण में धूल-मिट्टी से बचाव किया जा सकता है।