-बोर्ड ने उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए बढ़ाई तिथि
-ई केवाईसी न कराने पर बिजली पर मिलने वाले लाभों से रहना पड़ेगा वंचित
संवाद न्यूज एजेंसी
बरठीं (बिलासपुर)। विद्युत उपमंडल बरठीं के उपभोक्ताओं के विद्युत मीटरों को आधार कार्ड से जोड़ने के लिए ई केवाईसी प्रक्रिया 31 दिसंबर तक बढ़ा दी है। उपभोक्ता अगर ई केवाईसी नहीं कराते हैं तो उन्हें बिजली पर मिलने वाले लाभों से वंचित रहना पड़ेगा।
सहायक अभियंता हरबंश लाल शर्मा ने बताया कि उपमंडल के सभी उपभोक्ताओं की ई केवाईसी प्रक्रिया शुरू की गई है। कुछ उपभोक्ताओं ने अभी तक अपने मीटर खातों को आधार व मोबाइल से नहीं जोड़ा है। उन्होंने बताया कि जिनकी ई केवाईसी नहीं होगी उनको बिजली से मिलने वाले लाभों से वंचित रहना पड़ेगा। इसलिए उन्होंने अब 31 दिसंबर तक अंतिम तिथि तय कर दी है। उन्होंने उपभोक्ताओं से आग्रह किया है विद्युत कार्यालय बरठीं में 31 दिसंबर से पहले अपनी ई केवाईसी करवाएं ताकि सभी सुविधाएं उनको मिल सके। उपभोक्ताओं को ई केवाईसी प्रक्रिया के तहत आधार कार्ड, राशन कार्ड और बिजली का कोई नया या पुराना बिल प्रस्तुत करना आवश्यक होगा। इसके साथ ही आधार कार्ड से जुड़े मोबाइल नंबर को भी प्रस्तुत करना अनिवार्य है। जो उपभोक्ता किसी कारण मीटर रीडर से ई केवाईसी नहीं करवा पाएंगे वे उपभोक्ता विद्युत उपमंडल बरठीं कार्यालय में पहुंचकर केवाईसी करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि यह प्रक्रिया विद्युत उपभोक्ताओं के लाभ के लिए चलाई जा रही है।