यमुनानगर। हरियाणा सरकार की ओर से 13 मई को हुए समझौते को लागू नहीं करने के विरोध में अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने बुधवार को लगातार आठवें दिन हड़ताल जारी रखी। नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा शाखा हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के आह्वान पर कर्मचारी मुख्य दमकल केंद्र पर एकत्रित हुए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद कर्मचारियों ने नगर निगम कर्मचारियों के साथ नगर निगम कार्यालय से प्यारा चौक तक प्रदर्शन किया। सरकार कर्मचारियों की पहले से स्वीकृत मांगों पर आदेश जारी करने का साहस नहीं दिखा रही। ललित कालड़ा ने कहा कि 13 मई को सरकार ने जिन मांगों पर सहमति जताई थी, उन पर आज तक सरकारी आदेश जारी नहीं किए गए हैं। उन्होंने बताया कि समझौते के अनुसार दमकल विभाग के ड्राइवरों और दमकल कर्मचारियों को 30 जून तक नियमित करना, कर्मचारियों को 7500 रुपये वर्दी भत्ता और 5000 रुपये मासिक जोखिम भत्ता देना शामिल था। इसके अलावा फरीदाबाद अग्निकांड में शहीद रणबीर सिंह व भविचंद सहित भविष्य में ड्यूटी के दौरान शहीद होने वाले कर्मचारियों के आश्रितों को 50-50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को नियमित सरकारी नौकरी देने तथा नियमित कर्मचारियों को ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी में राहत देने समेत आठ मांगों पर सहमति बनी थी। यूनियन नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार बार-बार आश्वासन देकर कर्मचारियों को गुमराह कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 15 अगस्त तक मांगों को लागू करने के लिखित आदेश जारी नहीं हुए तो कर्मचारी धरना स्थल पर ध्वजारोहण और विचार गोष्ठी के बाद आंदोलन को अनिश्चितकालीन हड़ताल में बदलने के लिए मजबूर होंगे।