जिले में खैर की अवैध तस्करी के खिलाफ पुलिस और वन विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। जाटोवाला गांव में की गई छापेमारी में एक ही घर से भारी मात्रा में प्रतिबंधित खैर की लकड़ी बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। रेंज अधिकारी बलजीत सिंह, छछरौली रेंज ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस व वन विभाग की टीम ने राकिब के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान करीब 20 क्विंटल खैर की लकड़ी बरामद हुई, जिसकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। मौके से पुलिस ने राकिब, इरशाद और राहिल को गिरफ्तार किया, जो आपस में सगे भाई हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों लंबे समय से जंगलों से खैर की लकड़ी चोरी कर उसकी तस्करी कर रहे थे और इस अवैध कारोबार से मोटी कमाई कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया, जहां से रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों को आशंका है कि इस नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं।