यमुनानगर। नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर सफाई कर्मचारियों की राज्यव्यापी हड़ताल शुक्रवार को दूसरे दिन भी जारी रही। कर्मचारियों ने सरकार पर 13 मई के समझौते के बावजूद मांगों को लागू नहीं करने का आरोप लगाते हुए आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। हड़ताल के दौरान आयोजित सभा में इकाई प्रधान पपला, सचिव सुभाष और राज्य महासचिव मांगे राम तिगरा ने कहा कि मई में कर्मचारियों ने 13 दिनों तक हड़ताल की थी। इसके बाद सरकार ने 22 सूत्रीय मांगपत्र में से 17 मांगों को स्वीकार करते हुए 30 जून तक संबंधित आदेश जारी करने का आश्वासन दिया था। आरोप लगाया कि तय समय बीत जाने के बावजूद सरकार ने न तो कोई आदेश जारी किया और न ही किसी पात्र कर्मचारी को नियमित किया। उन्होंने बताया कि राज्य कमेटी की सरकार के साथ 29 जुलाई और 5 अगस्त को दो दौर की वार्ता भी हुई, लेकिन कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि इस बार आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक सरकार लिखित रूप से मांगों को लागू नहीं करती। उन्होंने कहा कि यदि हड़ताल के कारण आमजन को किसी प्रकार की असुविधा होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी हरियाणा सरकार की होगी। संघ के जिला प्रधान प्रवेश प्रॉचा, यमुनानगर इकाई के मुख्य सलाहकार राजकुमार ससोली, कार्यालय सचिव सोरेन, उपप्रधान रमन, प्रधान सनी, सह सचिव संजीत तिगरा, कैशियर संजय गहलोत, संगठनकर्ता अमित, सुरेश शादीपुर, संगठन सचिव श्यामलाल जठलान, उपप्रधान जनक राज, कार्यकारिणी सदस्य संजय डुलगच, कन्हैया, जीतो, पारुल आदि का कहना है कि कर्मचारियों ने सभी पे-रोल सफाई कर्मचारियों को नियमित करने, ठेका प्रथा समाप्त कर कर्मचारियों को विभाग के रोल पर लेने, पुरानी पेंशन योजना बहाल करने, सफाई कर्मचारियों को दो हजार रुपये मासिक जोखिम भत्ता देने तथा एक्स-ग्रेशिया की शर्तों में संशोधन करने की मांग दोहराई।