आईटीआई में बनाए गए स्ट्रांग रूम के बाहर गार्ड रूम में ड्यूटी कर रहे हेड कांस्टेबल कमल नैन को पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को सस्पेंड कर दिया। आरोप है कि कमल नैन ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में रहता था और कई बार नशे की हालत में आईटीआई परिसर में घूमता भी देखा गया। इसकी शिकायत आईटीआई में पढ़ने वाले छात्रों ने पुलिस अधिकारियों को दी थी। जानकारी के अनुसार देर शाम आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष राहुल भान ईवीएम से जुड़े मामले को लेकर आईटीआई परिसर पहुंचे थे। इस दौरान हेड कांस्टेबल कमल नैन कथित रूप से नशे में धुत पाया गया। पूछताछ में उसने खुद को सीएम के गनमैन का भाई बताते हुए मामला दबाने की कोशिश की। स्थिति बिगड़ती देख गांधीनगर थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और कमल नैन को मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया। मेडिकल में शराब पीने की पुष्टि होने के बाद आज पुलिस अधिकारियों ने उसे तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। पुलिस विभाग ने मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी है।