कोहरे की वजह से होने वाले हादसों को कम करने के लिए यातायात पुलिस ने जागरूकता अभियान चलाया। यातायात पुलिस ने किसानों के ट्रैक्टर-ट्राली पर रिफ्लेक्टर लगाए। साथ ही किसानों को लेन ड्राइविंग के बारे में जागरूक किया। इसके साथ ही गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी अभियान चलाया गया। जिसमें पांच के खिलाफ मुकदमें दर्ज कराए गए। यातायात थाना प्रभारी कुशल पाल राणा ने बताया कि वीरवार को हेल्पिंग हैंड्स ग्रुप यमुनानगर के साथ मिलकर कलानौर नाका पर सर्दी के मौसम के चलते ट्रैक्टर और ट्राली पर रिफ्लेक्टर टेप लगाने का अभियान चलाया गया। साथ ही किसानों को जागरूक किया गया। उन्होंने ने कहा कि पिछले कई दिन से कोहरा पडना शुरू हो गया है। जिस कारण वाहनों को चलने में दिक्कत आ रही है। हालात इतने खराब हो जाते है कि रात के समय धुंध पडने से वाहनों को सडक तक दिखाई नहीं देती । इसी को लेकर निर्देश जारी किये है। जिला पुलिस की ओर से वाहन चालकों को सर्दी के मौसम में अपने वाहनों को चलाते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने और यातायात से संबंधित कुछ जरूरी निर्देश दिए गए हैं।