बढ़ती महंगाई और ईंधन की लगातार बढ़ रही कीमतों के विरोध में मंगलवार को इंडियन नेशनल लोकदल ने यमुनानगर में प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के माध्यम से सरकार को ज्ञापन भेजकर डीजल, पेट्रोल, सीएनजी और एलपीजी की कीमतों पर तत्काल नियंत्रण लगाने की मांग की। इनेलो नेताओं ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में ईंधन और सड़क निर्माण में इस्तेमाल होने वाले तारकोल की कीमतों में हुई बढ़ोतरी का सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है। महंगाई के कारण रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे लोगों का घरेलू बजट बिगड़ गया है। उन्होंने कहा कि सरकार को महंगाई पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।